साइबर ठगी में गिरफ्तार आरोपी
फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ एक सप्ताह के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के नेतृत्व में साइबर थानों की टीमों ने 10 जनवरी से 16 जनवरी के बीच अभियान चलाकर कुल 14 मामलों में 39 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई के दौरान साइबर ठगी से जुड़े करीब 19,92,597 रुपये की राशि बरामद की गई है। इसके साथ ही त्वरित हस्तक्षेप करते हुए 234 शिकायतों का समाधान किया गया और 6,86,018 रुपये की रकम को समय रहते विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराया गया, जिससे पीड़ितों को बड़ी राहत मिली है।
यह अभियान साइबर थाना एनआईटी, साइबर थाना सेंट्रल और साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया। गिरफ्तार आरोपियों पर ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, बैंकिंग धोखाधड़ी और डिजिटल ट्रांजैक्शन से जुड़े अपराधों में संलिप्त होने के आरोप हैं। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर ठगी के अन्य लिंक और सहयोगियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
फरीदाबाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लालच, अनजान कॉल या संदिग्ध लिंक से सतर्क रहें। यदि साइबर ठगी होती है, तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर सूचना दें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।