क्राइम ब्रांच द्वारा गिरफ्तार आरोपी
फरीदाबाद में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस लगातार अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ सख्त अभियान चला रही है। इसी कड़ी में फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच की अलग-अलग टीमों ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से दो देसी कट्टे बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई 18 जनवरी को की गई। क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चंदीला चौक के समीप दबिश देकर रूपकिशोर उर्फ भोला चौधरी को काबू किया। आरोपी मूल रूप से गांव खेड़ा सत्तू, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और वर्तमान में फरीदाबाद की पर्वतीय कॉलोनी में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।
इसी दिन एक अन्य कार्रवाई में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48 की टीम ने नंगला एन्क्लेव पार्ट-1, फरीदाबाद निवासी इलियास को दशहरा ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से भी एक देसी कट्टा बरामद किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी अवैध हथियार अपने पास रखे हुए थे, जिससे किसी आपराधिक वारदात की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता।