प्रदेश कार्यालय में आयोजित महिला कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते देवेन्द्र यादव
नई दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि देश की आधी आबादी यानी महिलाओं को आज भी वह सम्मान और अवसर नहीं मिल पा रहा है, जिसकी वे हकदार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा मोदी सरकार महिला सशक्तिकरण के मुद्दे पर गंभीर नहीं है और नीतिगत स्तर पर महिलाओं की अनदेखी हो रही है।
यह बातें उन्होंने दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी बैठक के दौरान कहीं, जो प्रदेश कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह ने की। इस अवसर पर संगठन की मजबूती, महिलाओं की भागीदारी, क्षेत्रवार जिम्मेदारियों और जमीनी स्तर पर महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं को समान अधिकार और सम्मान दिया है। संगठन से लेकर सरकार तक महिलाओं को निर्णायक भूमिकाओं में आगे बढ़ाने का काम कांग्रेस ने किया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आर्थिक आत्मनिर्भरता, सामाजिक समानता और निर्णय लेने की शक्ति देकर महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में कांग्रेस की भूमिका ऐतिहासिक रही है।
उन्होंने महिला कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार की सराहना करते हुए बताया कि दिल्ली के 14 जिलों में 200 से अधिक ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किए जा चुके हैं और 36 प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। यह संगठन की मजबूती और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव दानिश अबरार, राष्ट्रीय महिला कांग्रेस महासचिव शिल्पी, दिल्ली महिला कांग्रेस प्रभारी सुनीता सहरावत सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। देवेन्द्र यादव ने पुष्पा सिंह के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिला कांग्रेस आज मजबूती के साथ महिलाओं की आवाज बन रही है।