राजकीय महाविद्यालय हथीन में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं
पलवल, बसंत पंचमी के पावन अवसर पर हरियाणा सरकार द्वारा आयोजित सरस्वती महोत्सव-2026 को लेकर जिले में उत्साहपूर्ण माहौल है। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सरस्वती महोत्सव केवल धार्मिक परंपरा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ज्ञान, विद्या, कला और सांस्कृतिक मूल्यों का व्यापक उत्सव है, जो समाज को बौद्धिक और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध करता है। यह महोत्सव हरियाणा सरस्वती हेरिटेज डेवलपमेंट बोर्ड के माध्यम से 23 जनवरी 2026 तक पांच दिनों तक मनाया जा रहा है।
उपायुक्त ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इसे प्रदेश के सभी 23 जिलों में आयोजित किया जा रहा है। पलवल सहित विभिन्न जिलों में 20, 21 और 22 जनवरी को शैक्षणिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना और समाज में ज्ञान के महत्व को रेखांकित करना है।
उन्होंने कहा कि सरस्वती महोत्सव विद्या की देवी मां सरस्वती को समर्पित है, जिन्हें ज्ञान, संगीत, कला और बुद्धि की प्रतीक माना जाता है। इस अवसर पर विद्यालयों और महाविद्यालयों में पूजा-अर्चना के साथ-साथ संगीत, नृत्य, कविता पाठ, चित्रकला और नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाती हैं। इससे विद्यार्थियों में रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास और सांस्कृतिक चेतना का विकास होता है।
महोत्सव के अंतर्गत हथीन स्थित राजकीय महाविद्यालय में जिला स्तरीय क्विज और भाषण (डिक्लेमेशन) प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। क्विज प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय हथीन के बीए द्वितीय वर्ष के छात्र विनय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि राजकीय महाविद्यालय पलवल के छात्र रितिक द्वितीय और संकेत तृतीय स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में प्रियंका ने प्रथम, हेमराज ने द्वितीय और मोनिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। जिला उच्चतर शिक्षा अधिकारी और महाविद्यालय प्रशासन ने विजेताओं को बधाई देते हुए विद्यार्थियों को ऐसे आयोजनों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।