गोहाना (सोनीपत), हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि सेवा भावना ही समाज को मजबूत बनाने की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य सरकार गरीब, वंचित और पात्र परिवारों के उत्थान के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।
मंगलवार की शाम डॉ. शर्मा मुगलपुरा स्थित टीटू धर्मशाला में आयोजित 39वें विधवा एवं पात्र पेंशन वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह कार्यक्रम बी.के.के.एन. मेमोरियल ट्रस्ट, रोहतक और विजय कत्याल परिवार, गोहाना द्वारा आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मंत्री ने 300 से अधिक पात्र महिलाओं को कुल 13 लाख रुपये की पेंशन राशि के चेक वितरित किए।
अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को भारतीय जनता पार्टी ने सदैव मार्गदर्शक सिद्धांत के रूप में अपनाया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरकार ने सामाजिक सुरक्षा भत्ता को ₹3000 से बढ़ाकर ₹3200 मासिक करने का निर्णय लिया है, जिसका लाभ नवंबर माह से लाखों पात्र लाभार्थियों को मिलेगा।
डॉ. शर्मा ने कहा कि “सेवाभावना” के साथ किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी समाज को सशक्त बनाने में बड़ा योगदान देते हैं। उन्होंने समाजसेवी विजय कत्याल और उनके परिवार के निरंतर सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से अनेक जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली है।
मंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि सभी नागरिक अपने आस-पास के जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं और उन्हें सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य करें। उन्होंने बताया कि ‘दीनदयाल उपाध्याय लाडो लक्ष्मी योजना’ के तहत पात्र बहनों और माताओं को ₹2100 मासिक सहायता दी जा रही है। अब तक प्रदेश की 6 लाख से अधिक महिलाओं ने इस योजना में पंजीकरण कराया है।
कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय सचिव डेरा बाबा लक्ष्मण पुरी, महंत कमल पुरी महाराज, विजय कत्याल, डॉ. परमानंद महाराज, श्यामलाल वशिष्ठ, भूपेंद्र मुदगिल, प्रवीण खुराना, भगवती राजपाल, अंजू कालड़ा, रमेश परूथी, अरुण बडौक, गुलशन अलाबादी, डॉ. सुरेश सेतिया, परीक्षित कत्याल, मनोज कत्याल, अशोक विज समेत अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

