
सोनीपत, जिला प्रशासन की पहल से शुरू हुए ‘प्रशासन से परिचय अभियान’ के तहत सरकारी स्कूलों के छात्रों को सरकारी विभागों और स्थानीय अंतरराष्ट्रीय कंपनियों की कार्यप्रणाली जानने का मौका मिला। अभियान का उद्देश्य बच्चों को यह समझाना है कि सरकारी योजनाएं और सेवाएं नागरिकों तक कैसे पहुंचती हैं।
अभियान के दूसरे दिन विद्यार्थियों ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों का दौरा किया और फिर लघु सचिवालय में अपने अनुभव साझा किए। छात्रों ने बताया कि उन्होंने देखा कि कैसे शिकायत निवारण शिविर में अधिकारी मौके पर ही समस्याओं का समाधान करते हैं और कैसे पुलिस विभाग नागरिक सुरक्षा और महिला सुरक्षा सुनिश्चित करता है।
अतिरिक्त उपायुक्त लक्षित सरीन ने बताया कि अभियान से बच्चों को सरकारी कामकाज और विभागीय प्रक्रियाओं की गहरी समझ मिलेगी, जो उनके सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। बच्चों को ई-गवर्नेंस, डिजिटल इंडिया और आपातकालीन प्रबंधन के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके साथ ही टॉपर छात्रों को अंतरराष्ट्रीय औद्योगिक इकाइयों में जाकर उत्पादन प्रक्रिया और उत्पाद वितरण की जानकारी लेने का अवसर भी मिला।
अभियान ने न केवल छात्रों को प्रशासनिक कार्यप्रणाली से परिचित कराया बल्कि उन्हें यह समझने का मौका भी दिया कि कैसे सरकारी योजनाएं और सेवाएं सीधे जनता तक पहुंचाई जाती हैं।