नई दिल्ली, 11 नवम्बर 2025 – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने पार्टी के 12 वार्डों के उम्मीदवारों, विधानसभा इंचार्ज, ऑब्जर्वर, सोशल मीडिया टीम और कंट्रोल रूम प्रतिनिधियों के साथ एक अहम बैठक कर निगम उपचुनाव के लिए रणनीति तय की।
बैठक के दौरान यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर भाजपा और आम आदमी पार्टी की विफलताओं को जनता के सामने रखेंगे और कांग्रेस की नीतियों व उपलब्धियों की जानकारी देंगे। उन्होंने नेताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय रहने और हर क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान, पदयात्रा और संवाद कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए।
इस बैठक में अनिल भारद्वाज, डॉ. नरेंद्र नाथ, सी.पी. मित्तल, राजेश गर्ग, सिद्धार्थ राव सहित कई वरिष्ठ नेता और निगम प्रत्याशी भी शामिल हुए। यादव ने कहा कि कांग्रेस की संगठनात्मक टीमें लंबे समय से मैदान में हैं और जनता अब बदलाव चाहती है।
देवेंद्र यादव ने दावा किया कि दिल्ली के लोग 12 साल की निराशा से उबरने के लिए कांग्रेस की ओर देख रहे हैं और आने वाले निगम उपचुनावों में पार्टी को ऐतिहासिक समर्थन मिलेगा।

