
नई दिल्ली, 8 अक्टूबर 2025:
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने दिल्ली की सभी रेज़िडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को एक खुला पत्र भेजकर वोट चोरी के खिलाफ अभियान में शामिल होने का निमंत्रण दिया है। उनका कहना है कि लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक वोट अधिकार की रक्षा के लिए हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
श्री यादव ने बताया कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाजपा और चुनाव आयोग के कथित मिलकर की गई वोट चोरी के मामलों को कर्नाटक सहित अन्य राज्यों में उजागर किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोकतंत्र में वोट का अधिकार प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक अधिकार है और इसे सुरक्षित रखना सभी का कर्तव्य है।
भविष्य में दिल्ली में हस्ताक्षर अभियान चलाकर वोट चोरी को रोकने और लोगों को जागरूक करने की योजना है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी दिल्ली में वोटिंग प्रक्रिया में गड़बड़ी की संभावनाओं को स्वीकार किया है।
इसके अलावा, श्री यादव ने याद दिलाया कि कांग्रेस शासन में आरडब्ल्यूए को शहर के विकास में भागीदारी योजना के तहत मजबूत बनाया गया और उनकी अहमियत को हमेशा महत्व दिया गया।
दिल्ली कांग्रेस ने हर विधानसभा में बीएलए-1 प्रतिनिधि नियुक्त किए हैं, जो चुनाव आयोग की गतिविधियों पर नजर रखते हैं और चुनाव संबंधी शिकायतें, नए वोट बनवाने या वोट शिफ्ट करने जैसे कामों को मॉनिटर करते हैं।
श्री यादव ने सभी आरडब्ल्यूए अध्यक्षों से अनुरोध किया है कि वे किसी भी शिकायत या सुझाव के लिए अपने स्थानीय कांग्रेस प्रतिनिधि या सीधे दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी कंट्रोल रूम (9625777907) से संपर्क कर सकते हैं।