
नई दिल्ली, 10 सितम्बर, 2025 – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में आज करावल नगर में वोटर अधिकार यात्रा निकाली गई। इस यात्रा का उद्देश्य भाजपा द्वारा वोट चोरी की साजिश को उजागर करना और दिल्ली के लोगों को अपने मतदान अधिकार के प्रति सजग करना था।
मुस्तफाबाद विधानसभा के संजय चौक और 25 फुटा रोड से शुरू हुई इस यात्रा में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। यात्रा का आयोजन पूर्व प्रत्याशी अली मेंहदी ने किया, जबकि देवेन्द्र यादव के साथ कई पूर्व विधायक और जिला अध्यक्ष भी मौजूद रहे।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस दिल्ली में जनता को जागरूक करने और भाजपा के कथित वोट चोरी के षड्यंत्र को बेनकाब करने के लिए पूरे शहर में यह अभियान चलाएगी। उन्होंने बताया कि संगठन सृजन अभियान के तहत ब्लॉक और सेक्टर स्तर तक मजबूत संगठन तैयार किया गया है, ताकि पार्टी की नीतियाँ सीधे जनता तक पहुंच सकें।
यात्रा में जुटी भारी भीड़ ने साफ कर दिया कि दिल्ली के लोग कांग्रेस को वोट देने के इच्छुक हैं, क्योंकि पिछले 11 वर्षों में आम आदमी पार्टी और वर्तमान भाजपा सरकार पर जनता का विश्वास कम हुआ है।
देवेन्द्र यादव ने सभी जिला कांग्रेस समितियों से अपील की कि वे नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्षों के साथ मिलकर हर गली-मोहल्ले में जनता को भाजपा के वोट चोरी के काले कारनामों से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि वोट का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है और इसे सुरक्षित रखना सभी नागरिकों का कर्तव्य है।