नई दिल्ली, देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 136वीं जयंती के अवसर पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने राजीव भवन में नेहरू जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए उन्हें स्मरण किया। सुबह वे शांतिवन भी पहुंचे और नेहरू जी की समाधि पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। बच्चों के प्रति उनके प्रेम के कारण ही 14 नवंबर पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में देवेंद्र यादव के साथ जिलाध्यक्ष राजकुमार जैन, हर्ष चौधरी, आदेश भारद्वाज, मोहम्मद उस्मान, सुमित शर्मा, राहुल धानक, पुष्पा सिंह, कमल अरोड़ा, ईश्वर बागड़ी, अब्दुल वाहिद, जयप्रकाश, सुरेशवती चौहान, नरेश शर्मा नीटू, पठानिया, त्रिलोक चौधरी, प्रमोद जयंत, कुवंर गोपाल, अक्षय कुमार और योगेश जैन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
देवेंद्र यादव ने कहा कि आजादी के बाद पंडित नेहरू ने जिस दूरदर्शिता के साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया, उसने देश में समानता, शिक्षा और विकास की ठोस नींव रखी। युवाओं के लिए बनाए गए उनके शिक्षा मॉडल और रोजगार के अवसरों ने भारत को वैश्विक स्तर पर सक्षम बनाया, जिसका प्रमाण आज दुनिया भर में अपनी प्रतिभा का परचम लहराते भारतीय युवा हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नेहरू की लोकतांत्रिक सोच, धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण और वैज्ञानिक दृष्टि ने भारत को विशिष्ट पहचान दी। संविधान लागू होने के बाद उन्होंने हर नागरिक को मतदान का अधिकार देकर लोकतंत्र को मजबूत आधार दिया। यादव ने आरोप लगाया कि आज वोटों की हेरफेर के चलते भाजपा जनता के इस अधिकार को कमजोर कर सत्ता में लौटती रही है।
देवेंद्र यादव ने यह भी कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान नेहरू की दृढ़ इच्छाशक्ति, विचार और सिद्धांत इतने प्रभावी थे कि अंततः ब्रिटिश सरकार को झुकना पड़ा। स्वतंत्रता के बाद सर्वसम्मति से नेहरू देश के पहले प्रधानमंत्री बने और उनके नेतृत्व में IIT, AIIMS और IIM जैसे विश्वस्तरीय संस्थानों की स्थापना हुई, जिसने भारत को आधुनिक राष्ट्र की दिशा में अग्रसर किया।