नई दिल्ली, 3 नवंबर 2025 – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री देवेंद्र यादव ने राजधानी की बिगड़ती वायु गुणवत्ता को लेकर भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले वादा किया था कि सत्ता में आते ही पीएम 2.5 और पीएम 10 के स्तर को घटाकर दिल्ली को स्वच्छ हवा देगी, लेकिन 9 महीने बाद भी हालात पहले से बदतर हैं।
यादव ने कहा कि भाजपा का “दिल्ली स्वच्छ वायु मिशन” सिर्फ कागज़ों तक सीमित रह गया है। आनंद विहार, वजीरपुर, मुंडका और आर.के. पुरम जैसे क्षेत्रों में एक्यूआई 400 के पार है, जबकि वायु शोधन उपकरण, सड़क सफाई मशीनें और पौधरोपण योजनाएँ धरातल पर दिखाई नहीं देतीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने यमुना सफाई, वाहनों को इलेक्ट्रिक या सीएनजी में बदलने और ग्रीन बेल्ट विकसित करने जैसे वादों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया। यादव ने पूछा — “हजारों करोड़ खर्च होने के बावजूद न यमुना साफ हुई, न दिल्ली की हवा!”
भाजपा सरकार से जवाब मांगते हुए उन्होंने 9 सवाल रखे —
1️⃣ दिल्ली विश्व की सबसे प्रदूषित राजधानी क्यों बनी?
2️⃣ हर 100 में से 15 मौतें प्रदूषण से क्यों हो रही हैं?
3️⃣ विंटर एक्शन प्लान असफल क्यों रहा?
4️⃣ यमुना की सफाई अब तक क्यों नहीं हुई?
5️⃣ क्लाउड सीडिंग पर करोड़ों रुपये क्यों बर्बाद किए गए?
6️⃣ पराली जलाने पर कोई ठोस कार्रवाई क्यों नहीं हुई?
7️⃣ सड़क धूल और वाहनों के धुएं पर नियंत्रण क्यों नहीं हुआ?
8️⃣ हरित क्षेत्र बढ़ाने के लिए कदम क्यों नहीं उठाए गए?
9️⃣ लैंडफिल के कूड़े के पहाड़ अब तक क्यों नहीं हटे?
यादव ने कहा, “भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार ने प्रदूषण रोकने के हर मोर्चे पर नाकामी दिखाई है — अब जनता को जवाब चाहिए।”

