
फरीदाबाद, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल द्वारा आयोजित 11वें गणेश महोत्सव का समापन श्रद्धा और उत्साह के बीच हुआ। तीन दिन चले इस महोत्सव ने शहर को भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता के रंग में रंग दिया। समापन अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और राज्य मंत्री राजेश नागर ने भी शिरकत की और आयोजन की प्रशंसा की।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए विपुल गोयल ने कहा कि यह पर्व किसी एक परिवार का नहीं बल्कि पूरे फरीदाबाद का उत्सव है। उन्होंने भावुक अंदाज में जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 2015 से शुरू हुआ यह महोत्सव अब शहर की पहचान बन चुका है।
मुख्यमंत्री द्वारा हाल ही में शुरू की गई “लाडो लक्ष्मी योजना” का उल्लेख करते हुए विपुल गोयल ने कहा कि यह कदम हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है और मुख्यमंत्री का इस महोत्सव में आना श्रद्धालुओं के लिए गर्व का क्षण है।
महोत्सव के दौरान हंसराज रघुवंशी की भक्ति संध्या, संत रसराज महाराज का सुंदरकांड, मासूम शर्मा की सांस्कृतिक प्रस्तुति और MC Square का युवा अंदाज, श्रद्धालुओं के लिए अविस्मरणीय अनुभव लेकर आए।
इस वर्ष गणेश प्रतिमा को पर्यावरण हितैषी तरीके से तैयार किया गया था। विसर्जन के समय विपुल गोयल ने कहा कि गणपति जल में विलीन होकर प्रकृति का हिस्सा बनेंगे और श्रद्धालु पाँच दिन बाद इस पवित्र जल को प्राप्त कर सकेंगे।
लाखों लोगों की मौजूदगी ने इस उत्सव को भव्य बना दिया। “गोयल चा राजा” आज फरीदाबाद की आस्था, संस्कृति और एकजुटता का प्रतीक बन चुका है।