
नई दिल्ली, 2 सितंबर 2025 – दिल्ली कांग्रेस ने पूर्वी दिल्ली के बदरपुर गांव और आसपास के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बाढ़ पीड़ित गरीब लोगों तक राहत सामग्री पहुँचाने में पूरी तरह निष्क्रिय है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सिर्फ दिखावे के लिए चुनिंदा जगहों पर राहत शिविर लगा रही है, जबकि असली जरूरतमंद, खासकर खादर और निचले इलाकों के लोग राहत के बिना परेशान हैं। यादव ने चेताया कि यमुना का बढ़ता जलस्तर यहां के निवासियों के लिए गंभीर खतरा बन गया है।
देवेन्द्र यादव ने कहा, “लोग अपना बचाव खुद कर रहे हैं, जबकि प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सरकार की देरी और लापरवाही की वजह से हजारों लोगों की जीवनयापन प्रभावित हो रहा है।” उन्होंने सरकार से तुरंत कार्रवाई कर राहत सामग्री पहुंचाने की मांग की।
कांग्रेस ने यह भी कहा कि अगर बदरपुर खादर में पुश्ता (बाँध) बनता, तो हर साल बाढ़ के खतरे को काफी हद तक रोका जा सकता। यादव ने यमुना तट के निवासियों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की और कहा कि कांग्रेस संकट की इस घड़ी में बाढ़ पीड़ितों के साथ खड़ी है।