
सोनीपत, दीन दयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकुला से ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ का शुभारंभ किया। इसी क्रम में गोहाना नागरिक अस्पताल में विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
योजना के अंतर्गत उन महिलाओं को लाभ मिलेगा जिनकी परिवारिक आय एक लाख रुपये से कम है। 1 नवंबर से पात्र महिलाओं को हर माह ₹2100 की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि महिलाएं आत्मनिर्भर बनें और समाज में उनकी आर्थिक-सामाजिक स्थिति मजबूत हो।
जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक ने कहा कि यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में सरकार का ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा कि केन्द्र और राज्य की योजनाएं हमेशा जरूरतमंदों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘स्वस्थ नारी – सशक्त परिवार’ अभियान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं स्वस्थ होंगी तो परिवार और समाज भी सशक्त होंगे।
उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया और कहा कि योजना की खासियत यह है कि परिवार में जितनी भी महिलाएं पात्रता मानदंड पर खरी उतरती हैं, सभी को लाभ मिलेगा। 23 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाएं इस योजना का हिस्सा बन सकती हैं।
कार्यक्रम में एसडीएम अंजलि क्षोत्रिय, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. धर्मबीर नांदल, नगर परिषद चेयरपर्सन रजनी बीरमानी, महिला जिलाध्यक्ष रीना शर्मा समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।