
नई दिल्ली, – अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और बराबरी के अधिकार के लिए संघर्ष किया है। उन्होंने याद दिलाया कि देश को महिला प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति देने का श्रेय भी कांग्रेस को जाता है, और आज महिलाओं की प्रगति में पार्टी की अहम भूमिका है।
इंदिरा भवन में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा ने की। समारोह में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के साथ कम्युनिकेशन विभाग के चेयरमैन अनिल भारद्वाज, दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष पुष्पा सिंह और बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
यादव ने कहा कि बाबा साहेब अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान ने महिलाओं को समान अवसर और अधिकार दिए हैं। महिला कांग्रेस लगातार यह सुनिश्चित कर रही है कि महिलाएं समाज की मुख्यधारा से जुड़कर हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकें।
स्थापना दिवस पर संविधान की मूल भावना पर विश्वास जताते हुए इसे व्यवहार में उतारने का संकल्प लिया गया। यादव ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी महिलाओं को जिम्मेदारी और सम्मान देकर उन्हें राष्ट्र निर्माण का मजबूत स्तंभ बना रही है।