नई दिल्ली,:दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर छठ पूजा की तैयारियों में लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने यमुना घाटों पर केवल दिखावटी व्यवस्थाएं की हैं और बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर प्रचार को प्राथमिकता दी है। यादव ने कहा कि दिल्ली के पूर्वांचल समुदाय की भावनाओं के साथ यह खिलवाड़ है।
उन्होंने बताया कि बिहार, यूपी और छत्तीसगढ़ जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त विशेष ट्रेनें नहीं चलाई गईं, जिससे लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। यादव ने दावा किया कि यमुना की सफाई को लेकर भी सरकार के सभी वादे खोखले साबित हुए हैं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि वास्तविक रूप से कई कॉलोनियों में छठ घाटों की तैयारी अधूरी है और नोडल अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट नहीं है, जिससे स्थानीय श्रद्धालु अपनी आस्था के पर्व को अव्यवस्था के बीच मनाने को मजबूर हैं।

