सोनीपत, 07 नवम्बर।
डीएवी पब्लिक स्कूल, सेक्टर-15 में शुक्रवार को राष्ट्रगीत “वंदे मातरम” के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर देशभक्ति की भावना और एकता के स्वर से गूंज उठा।
कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री कृष्ण लाल पंवार और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षाविद, समाजसेवी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग की ओर से वंदे मातरम के इतिहास पर विशेष प्रदर्शनी लगाई गई, जिसने बच्चों को राष्ट्रगीत की उत्पत्ति और उसके ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया।
मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि वंदे मातरम सिर्फ गीत नहीं, यह हमारी मातृभूमि की आत्मा है, जो स्वतंत्रता, एकता और त्याग की भावना को जीवंत रखता है। उन्होंने कहा कि बंकिमचंद्र चटर्जी द्वारा 1875 में रचित यह गीत स्वतंत्रता आंदोलन की चेतना का प्रतीक बना और आज भी हमें आत्मनिर्भर भारत की ओर अग्रसर होने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा और वंदे भारत ट्रेन जैसे अभियान देश में नई राष्ट्र चेतना का संचार कर रहे हैं। साथ ही नई शिक्षा नीति 2020 को हरियाणा द्वारा सबसे पहले लागू करना राज्य के प्रगतिशील दृष्टिकोण को दर्शाता है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने कहा कि वंदे मातरम करोड़ों भारतीयों की आत्मा की आवाज है। इस गीत ने स्वतंत्रता आंदोलन में वह जोश जगाया जिसने अंग्रेजी हुकूमत की नींव हिला दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इस गीत को आत्मनिर्भर भारत की भावना से जोड़कर इसे आधुनिक भारत की प्रेरणा बना दिया है।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि वंदे मातरम वह राष्ट्रगीत है जिसने स्वतंत्रता सेनानियों को आज़ादी की लड़ाई के लिए प्रेरित किया। अब यही गीत विकसित भारत के निर्माण का सूत्र बनेगा। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे रोज़ाना इस गीत का गायन करें और इसके अर्थ को जीवन में आत्मसात करें।
विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि वंदे मातरम भारत की आत्मा की अभिव्यक्ति है। यह गीत प्रत्येक नागरिक में मातृभूमि के प्रति सम्मान, एकता और बलिदान की भावना जगाता है। ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को और सशक्त बनाते हैं।

