
सोनीपत, 07 अक्टूबर। नगर निगम सोनीपत में महर्षि वाल्मीकि जयंती के उपलक्ष्य में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जिसमें विधायक निखिल मदान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
अपने संबोधन में विधायक मदान ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि केवल एक महान कवि ही नहीं, बल्कि समाज सुधार के प्रतीक थे। उन्होंने श्रीराम के जीवन के माध्यम से सत्य, धर्म, प्रेम और कर्तव्य का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को दया, करुणा और सहानुभूति की राह दिखाती हैं।
उन्होंने बताया कि जयंती के अवसर पर जिले के गन्नौर, खरखौदा और गोहाना में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को उनके जीवन और उपदेशों से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर स्वच्छता निरीक्षक कृष्ण कुमार, अनिल ठक्कर, जुगल धवन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।