
सोनीपत, 25 सितंबर। हरियाणा सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सशक्तिकरण और आर्थिक मजबूती के लिए लाडो लक्ष्मी योजना की शुरुआत की है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली के अनुसार इस योजना से 18 से 20 लाख महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता मिलेगी।
इस योजना के तहत 23 से 60 वर्ष की पात्र महिलाओं को प्रति माह ₹2,100 सीधे उनके बैंक खातों में स्थानांतरित किया जाएगा। पंजीकरण प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल और मोबाइल के माध्यम से शुरू हो चुकी है।
कार्यक्रम में विधायक निखिल मदान ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक मदद नहीं, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक बड़ी क्रांति है। मेयर राजीव जैन ने बताया कि यह पहल पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय सिद्धांत से प्रेरित है, जिसका उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी महिलाओं को मुख्यधारा से जोड़ना है।
प्रदेश अध्यक्ष ने महिलाओं को आभा कार्ड, आयुष्मान कार्ड और टीबी मरीजों को पोषण किट भी वितरित की। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सशक्त महिलाएं ही परिवार और समाज को मजबूत बनाती हैं।
इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं। योजना के तहत लाभार्थियों के खातों में राशि 01 नवम्बर से सीधे जमा कर दी जाएगी।