क्राइम ब्रांच ऊँचा गांव की टीम द्वारा गांजा तस्कर की गिरफ्तारी
फरीदाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के तहत एक और सफलता दर्ज की गई है। पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के निर्देशन में अपराध शाखा ऊँचा गांव की टीम ने कार्रवाई करते हुए 315 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 17 जनवरी को गुप्त सूचना के आधार पर की गई। अपराध शाखा ऊँचा गांव की टीम को सूचना मिली थी कि एक युवक नशीले पदार्थ की तस्करी में संलिप्त है और भोजपुरिया धर्मशाला के आसपास मौजूद है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को रंगे हाथों काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील, निवासी यादराम कॉलोनी, फरीदाबाद के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह यह गांजा दिल्ली से लगभग ₹3000 में खरीदकर लाया था और इसे आगे बेचने की फिराक में था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना डबुआ में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। रिकॉर्ड जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी अवैध शराब तस्करी के दो मामलों में शामिल रह चुका है।
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर नियमानुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह की कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।