क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
फरीदाबाद पुलिस की साइबर थाना सेंट्रल टीम ने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने के बहाने की गई साइबर ठगी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने गाजियाबाद से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने वीडियो कॉल के जरिए ओटीपी हासिल कर पीड़ित के खाते से पैसे निकाल लिए थे।
पीड़ित, ओल्ड फरीदाबाद निवासी, को ठगों ने क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा देकर एक लिंक खुलवाया और कार्ड की जानकारी भरवाई। इसके बाद वीडियो कॉल के माध्यम से ओटीपी देखकर 32,576 रुपये की धोखाधड़ी की गई।
जांच में सामने आया कि आरोपी नोएडा में फर्जी ऑफिस बनाकर इस तरह की ठगी को अंजाम दे रहे थे। तीनों आरोपी पहले एक कॉल सेंटर में साथ काम कर चुके हैं और रकम आपस में बांट लेते थे। फिलहाल तीनों को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ जारी है।