छोटे वीर साहिबजादों की शहादत को स्मरण करते हुए वीर बाल दिवस 2025 के अवसर पर एक विशेष सैंड ऑफ आर्ट शॉ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शनिवार 20 दिसंबर को गांव अकबरपुर बारोटा स्थित पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित होगा।
इस अनोखी कला प्रस्तुति के माध्यम से श्री गुरु गोबिंद सिंह के चारों साहिबजादों—अजीत सिंह, जुझार सिंह, जोरावर सिंह और फतेह सिंह—के त्याग, साहस और बलिदान की प्रेरक कहानी को रेत कला के जरिए जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को इतिहास से जोड़ते हुए साहिबजादों के अदम्य साहस और देशभक्ति की भावना से अवगत कराना है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में देशप्रेम और सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देने के लिए वीर साहिबजादों की वीरगाथा पर आधारित निबंध लेखन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन कला और संस्कृति के माध्यम से ऐतिहासिक मूल्यों को सहेजने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।