गोहाना के 9 गांवों में खेतों तक पक्के मार्ग निर्माण की स्वीकृति
गोहाना विधानसभा क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सहकारिता एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के 9 गांवों में खेतों तक पहुँचने वाले कच्चे रास्तों को अब पक्का किया जाएगा। खेत-खलिहान योजना के तहत 16 किलोमीटर लंबे मार्गों के निर्माण के लिए 2 करोड़ 87 लाख 90 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग, पेयजल, सीवरेज और सड़क सुदृढ़ीकरण के कार्य तेज़ी से पूरे हो रहे हैं। पंचायत विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि स्वीकृत कार्यों को प्रक्रिया अनुसार शीघ्र पूरा किया जाए, ताकि किसानों को खेतों तक आने-जाने में कोई परेशानी न हो।
योजना के अंतर्गत सरगथल, जौली, गढ़ी उजाले खां, ककाना भादरी, खानपुर कलां, खेड़ी दमकन, नगर, वजीरपुरा और बडौता गांव के विभिन्न खेतों के रास्ते पक्के बनाए जाएंगे। इससे ग्रामीण अवसंरचना मजबूत होगी और किसानों की आवाजाही में सुविधा बढ़ेगी।