प्रदूषण नियंत्रण के लिए सड़कों पर स्मॉग मशीन से छिड़काव जारी
सोनीपत में बढ़ते प्रदूषण को रोकने के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रधान सलाहकार डी.एस. ढेसी ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कों से उड़ने वाली धूल प्रदूषण का बड़ा कारण है, इसलिए स्मॉग मशीनों से नियमित पानी का छिड़काव व स्वीपिंग मशीनों से सफाई सुनिश्चित की जाए।
ढेसी ने एसएमडीए बैठक में रिठाला–नरेला–कुंडली मेट्रो और आरआरटीएस प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा करते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। “म्हारी सड़क पोर्टल” पर आने वाली शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर भी बल दिया गया।
उन्होंने प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण, सड़क मरम्मत, बस स्टैंड निर्माण, जलापूर्ति, सीवरेज और ड्रेन-6 के गंदे पानी को रोकने संबंधी कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने को कहा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।