सोनीपत, 31 दिसंबर।
उपायुक्त सुशील सारवान ने बताया कि देश में बढ़ते सड़क नेटवर्क, वाहनों की संख्या और गति में वृद्धि के कारण सड़क सुरक्षा बड़ी चिंता का विषय बन गई है। दुर्घटनाओं से जहां अमूल्य मानव जीवन की हानि होती है, वहीं अर्थव्यवस्था पर भी इसका गंभीर प्रभाव पड़ता है।
सड़क सुरक्षा के प्रति नागरिकों को अधिक जागरूक करने के उद्देश्य से 1 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विशेष रूप से युवा वर्ग (35 वर्ष तक) पर फोकस किया जाएगा। ‘माय भारत’ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन प्रशिक्षण, ई-मॉड्यूल, क्विज़, प्रतियोगिताएं और सर्टिफिकेशन गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
माह के दौरान प्रशासन, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा स्वयंसेवकों का प्रशिक्षण, स्कूल–कॉलेजों में शपथ, कार्यशालाएं, नुक्कड़ नाटक, हेलमेट व सीट बेल्ट अनुपालन अभियान, विशेष प्रवर्तन जांच, रेट्रो-रिफ्लेक्टिव शीट निरीक्षण और गुड समैरिटन नियमों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही जिला सड़क सुरक्षा समिति दुर्घटना संभावित स्थानों की पहचान, आंकड़ों की समीक्षा और दुर्घटनाएं कम करने हेतु रणनीति तैयार करेगी। मीडिया व सोशल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी व्यापक प्रचार किया जाएगा।
उपायुक्त ने जनता से अपील की कि सभी लोग सड़क सुरक्षा माह में सक्रिय भागीदारी निभाएं, यातायात नियमों का पालन करें और “सुरक्षित सड़कें–सुरक्षित जीवन” का संदेश आगे बढ़ाएं।