आईटीआई पलवल में आयोजित रोजगार मेला
प्रधानमंत्री राष्ट्रीय रोजगार मेला के अंतर्गत सोमवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), पलवल में एक सुव्यवस्थित और सफल रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना रहा। रोजगार मेले का उद्घाटन हरियाणा के खेल राज्य मंत्री की माताजी रत्ना देवी ने मुख्य अतिथि के रूप में रिबन काटकर एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस अवसर पर पलवल मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंकज वीरमानी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रत्ना देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री राष्ट्रीय रोजगार मेला केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जो युवाओं और उद्योगों के बीच सीधा संवाद स्थापित करता है। इससे न केवल रोजगार की संभावनाएं बढ़ती हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर कौशल आधारित अवसर भी सृजित होते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मंच युवाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
रोजगार मेले में विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़ी 27 प्रतिष्ठित कंपनियों ने भाग लिया। प्लेसमेंट प्रक्रिया के दौरान 185 युवाओं ने पंजीकरण कराया, जिनमें से 167 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया। चयन प्रक्रिया के पश्चात 8 अभ्यर्थियों को मौके पर ही नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिससे छात्रों में उत्साह और संतोष का माहौल देखने को मिला।
संस्थान के प्रधानाचार्य जिले सिंह ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला प्रत्येक तीन माह में आयोजित किया जाता है, जबकि आईटीआई स्तर पर हर माह रोजगार मेले का आयोजन किया जाता है। इन प्रयासों का उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के अंत में संस्थान प्रशासन ने अतिथियों, कंपनियों और प्रतिभागी छात्रों का आभार व्यक्त किया।