सोनीपत जिला सैनिक बोर्ड ने वीर नारियों को शॉल और मिठाई भेंट कर सम्मानित किया
सोनीपत में वेटरन्स डे (सशस्त्र बल पूर्व सैनिक दिवस) के अवसर पर जिला सैनिक बोर्ड ने शहीद सैनिकों की वीर नारियों को सम्मानित कर उनका साहस और समर्पण सराहा। इस कार्यक्रम में जिला सैनिक बोर्ड के डब्ल्यूओ संदीप मलिक और हैड क्लर्क धर्मबीर त्यागी ने वीर नारियों को शॉल और मिठाई भेंट कर उनके योगदान की सराहना की।
डब्ल्यूओ संदीप मलिक ने कहा कि देश की सुरक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उनकी वीर नारियां न केवल धैर्य और साहस का प्रतीक हैं, बल्कि देशभक्ति की जीवंत मिसाल भी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों का सम्मान करने के लिए हमेशा तत्पर रहें।
इस अवसर पर हैड क्लर्क धर्मबीर त्यागी ने वेटरन्स डे के महत्व को उजागर करते हुए कहा कि यह दिवस केवल शहीदों और पूर्व सैनिकों की याद में नहीं, बल्कि समाज में उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को मजबूत करने का भी अवसर है। उन्होंने बताया कि जिला सैनिक बोर्ड समय-समय पर पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं और कार्यक्रम संचालित करता है।
कार्यक्रम में जिला सैनिक बोर्ड से सेबेदार राजेश, राकेश, प्रदीप, अनिल, विजय, धर्मबीर हुड्डा, कृष्ण और मोहित सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस पहल ने न केवल वीर नारियों के उत्साह और आत्मविश्वास को बढ़ाया, बल्कि समाज में सैनिक परिवारों के योगदान और सम्मान की भावना को भी मजबूत किया।
जिला सैनिक बोर्ड की यह पहल बताती है कि देशभक्ति और सम्मान केवल शब्द नहीं, बल्कि कृत्यों में भी जीवंत होते हैं।