ट्रैफिक चालान APK से ठगी का मामला”
फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार जारी अभियान के तहत एक बड़े ऑनलाइन धोखाधड़ी मामले का खुलासा किया है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने ट्रैफिक चालान के नाम पर फर्जी APK फाइल भेजकर एक व्यक्ति के खाते से ₹1,95,614/- की ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 को उसे मोबाइल पर एक संदेश मिला, जिसमें ट्रैफिक चालान से जुड़ा लिंक था। लिंक पर क्लिक करते ही उसकी बैंक खाते से भारी रकम कट गई, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच में पुलिस ने पाया कि यह गिरोह मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले के गाँव कंचनपुर का रहने वाला है और सभी एक-दूसरे के परिचित हैं। आरोपियों में कुलदीप सिंह और जग्गू राजा ने फर्जी APK फाइल तैयार कर आरोपी अंकेश को दी। अंकेश ने यह फाइल निलेश को सौंप दी और निलेश ने अपने मोबाइल नंबर से पीड़ित को भेज दी। जैसे ही पीड़ित ने फाइल खोलकर लिंक पर क्लिक किया, उसके बैंक खाते से रकम निकाल ली गई।
साइबर थाना की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया और उन्हें माननीय अदालत में पेश किया। अदालत ने निलेश और अंकेश को न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया, जबकि जग्गू राजा और कुलदीप सिंह को एक दिन के पुलिस रिमांड पर रखा गया है।
फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से आग्रह किया है कि किसी भी संदिग्ध लिंक या APK फाइल पर क्लिक न करें, खासकर जब वह ट्रैफिक चालान या फाइन की जानकारी के नाम पर भेजा जाए। ऐसे संदेशों को तुरंत रिपोर्ट करें और अपने बैंक/फोन की सुरक्षा बढ़ाने के लिए दो-स्तरीय प्रमाणीकरण और अपडेटेड एंटीवायरस का उपयोग करें। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।