अपराध शाखा सेंट्रल की टीम द्वारा ₹25,000 के इनामी आरोपी की गिरफ्तारी
फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने अपहरण और मारपीट के गंभीर मामले में ₹25,000 के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलभूषण उर्फ कुल्लू के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ हरियाणा सहित अन्य राज्यों में कुल 26 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, यह मामला थाना तिगांव क्षेत्र से जुड़ा है, जहां राहुल नामक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी डॉक्टर ललितेश कांत से उसकी जान-पहचान थी और पारिवारिक विवाद से जुड़े एक मामले में उसने ललितेश की पत्नी की कानूनी मदद की थी। इसी बात को लेकर ललितेश उससे रंजिश रखने लगा।
2 जुलाई की रात शिकायतकर्ता अपने दोस्तों के साथ कांवरा मोड़ पर मौजूद था, तभी एक काली स्कॉर्पियो गाड़ी में आए आरोपियों ने उसे जबरन अगवा कर लिया। बाद में उसे एक घर में ले जाकर बुरी तरह पीटा गया और रात में सुनसान जगह पर छोड़ दिया गया।
इस मामले में पहले ही तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी थी। फरार चल रहा मुख्य आरोपी कुलभूषण उर्फ कुल्लू अब पुलिस की पकड़ में है। उसे अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे आगे की पूछताछ की जा रही है।