गोहाना में सर्कल कबड्डी खेल महाकुंभ के दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते डॉ. अरविंद शर्मा
गोहाना (सोनीपत), 18 जनवरी।
हरियाणा सरकार ग्रामीण खेलों को मजबूत करने की दिशा में लगातार ठोस कदम उठा रही है। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश की पारंपरिक खेल संस्कृति को नई पहचान दी जा रही है। उन्होंने कहा कि गांवों की पहचान रहे सर्कल कबड्डी को दोबारा लोकप्रिय बनाने के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास करेगी।
रविवार को गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव सलीमसर माजरा में आयोजित सर्कल कबड्डी खेल महाकुंभ में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे डॉ. अरविंद शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में भाजपा सरकार ने खेल नीति, नकद पुरस्कार और रोजगार से जुड़ी योजनाओं के जरिए खेलों के प्रति समाज की सोच बदली है। आज हर परिवार चाहता है कि उसका बेटा या बेटी खेल के माध्यम से आगे बढ़े।
डॉ. शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल स्टेडियम, खेल नर्सरी और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि गांव सलीमसर माजरा के खेल स्टेडियम की चारदीवारी कराई जाएगी और इसके लिए अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं।
इसके साथ ही उन्होंने गांव में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर ग्रामीण विकास को भी गति दी। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।