लघु सचिवालय में समाधान शिविर के दौरान शिकायतों की सुनवाई
सोनीपत जिले में समाधान शिविरों के माध्यम से जन शिकायतों के निस्तारण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लघु सचिवालय के तृतीय तल पर आयोजित समाधान शिविर में कुल 17 शिकायतें दर्ज की गईं। शिविर की अध्यक्षता करते हुए सीटीएम डॉ. अनमोल ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों का समाधान केवल औपचारिक उत्तर तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक और स्थायी राहत मिलनी चाहिए।
सीटीएम ने कहा कि समाधान शिविरों का उद्देश्य जनता की समस्याओं का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण करना है। इसके लिए विभागों के बीच बेहतर आपसी समन्वय और सहयोग आवश्यक है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिकायतों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर तय समय-सीमा में किया जाए और शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
प्रशासन ने यह भी निर्देश दिए कि समाधान शिविरों के दौरान नागरिकों को संबंधित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का पूरा लाभ उठा सकें। बैठक में जिला विकास पंचायत अधिकारी मनीष मलिक, डीआरओ सुशील शर्मा, एसीपी निधि नैन, जिला खेल अधिकारी मनोज कुमार सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।