नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में पूर्व अभ्यास करते विद्यार्थी
पलवल, देश के 77वें गणतंत्र दिवस को भव्य और गरिमामय बनाने के लिए जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। 26 जनवरी को आगरा चौक स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह के लिए विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने पूर्व अभ्यास में उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह अभ्यास जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य मुख्य समारोह के लिए उत्कृष्ट मार्च पास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का चयन करना था।
पूर्व अभ्यास के दौरान स्टेडियम परिसर देशभक्ति के माहौल से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और अनुशासित मार्च पास्ट के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। कार्यक्रमों के दौरान संगीत शिक्षकों, नृत्य प्रशिक्षकों और वरिष्ठ अध्यापकों ने निर्णायक की भूमिका निभाते हुए प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को तालमेल, भाव-भंगिमा और मंच पर आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने के महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
अभ्यास के अंत में सभी प्रस्तुतियों का गहन मूल्यांकन किया गया और गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह के लिए कुछ विशेष कार्यक्रमों का चयन किया गया। इस प्रक्रिया से न केवल श्रेष्ठ प्रस्तुतियों की पहचान हुई, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रप्रेम की भावना भी सुदृढ़ हुई।
जिला शिक्षा अधिकारी मामराज रावत ने बताया कि इस वर्ष जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह में 15 विद्यालयों के लगभग 1500 विद्यार्थी सहभागिता करेंगे। इसके अलावा योग प्रदर्शन के लिए 400 विद्यार्थियों की विशेष टीम भी समारोह का हिस्सा बनेगी। सभी सांस्कृतिक और अन्य कार्यक्रमों की फुल ड्रेस रिहर्सल 24 जनवरी को नेताजी सुभाषचंद्र बोस स्टेडियम में आयोजित की जाएगी, ताकि समारोह के दिन किसी भी प्रकार की कमी न रहे। प्रशासन और शिक्षक वर्ग मिलकर बच्चों को एक यादगार और प्रेरणादायक मंच प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।