सरस्वती महोत्सव के दौरान प्रतियोगिताओं में भाग लेते विद्यार्थी
हरियाणा सरकार की पहल पर बसंत पंचमी के पावन अवसर पर आयोजित किए जा रहे सरस्वती महोत्सव-2026 के तहत पलवल जिले के राजकीय महाविद्यालयों एवं आईटीआई संस्थानों में शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की श्रृंखला देखने को मिली। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी देते हुए बताया कि यह महोत्सव हरियाणा सरस्वती हेरिटेज डेवलपमेंट बोर्ड के माध्यम से मनाया जा रहा है, जो 23 जनवरी 2026 तक चलेगा।
महोत्सव के अंतर्गत जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में भाषण, निबंध लेखन, प्रश्नोत्तरी, डिक्लेमेशन, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग और रंगोली जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी रचनात्मकता और बौद्धिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
राजकीय महाविद्यालय भेडोली, बडौली, होडल, मानपुर और हथीन सहित कई संस्थानों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों और छात्राओं ने अलग-अलग विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर पुरस्कार हासिल किए। वहीं आईटीआई हथीन में भी निबंध, प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा से जोड़ा गया।
राजकीय महाविद्यालय हथीन में आयोजित अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं ने इस महोत्सव को और भी खास बना दिया, जहां पलवल और हथीन के विद्यार्थियों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा देखने को मिली।
महोत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, विद्या, ज्ञान और देवी सरस्वती के महत्व को स्थापित करना रहा। सरस्वती महोत्सव-2026 के अंतर्गत हुए ये कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में प्रेरणादायक साबित हुए।