मारपीट मामले में गिरफ्तार आरोपी
फरीदाबाद जिले के गांव घरौडा में पेट्रोल पंप के नजदीक हुई मारपीट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई आपसी रंजिश के चलते हुई हिंसक वारदात के बाद की गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि भगवान सिंह, निवासी गांव मंझावली, ने थाना छांयसा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार 20 जनवरी को वह अपने एक मित्र के साथ मोटरसाइकिल से तिगांव से अपने गांव मंझावली लौट रहा था। जब वे इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास गांव घरौडा पहुंचे, तभी धीरेन्द्र नामक युवक ने अपने 10-12 साथियों के साथ मिलकर उनकी बाइक रुकवा ली और उनके साथ मारपीट की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना छांयसा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-65 की टीम ने जांच शुरू की। जांच के दौरान सूरज (20), समीर (20) और हेमंत (19), तीनों निवासी गांव घरौडा, को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी मुख्य आरोपी धीरेन्द्र के करीबी दोस्त हैं। पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता और धीरेन्द्र के बीच पहले से आपसी रंजिश चली आ रही थी, जिसके चलते इस हमले की साजिश रची गई। आरोपियों ने डंडों से हमला किया था।
तीनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और आगे की जांच जारी है।