गणतंत्र दिवस के मद्देनज़र फरीदाबाद में तैनात पुलिस बल
फरीदाबाद, 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर फरीदाबाद में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिला पुलिस द्वारा करीब 1500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, जो समारोह स्थलों, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में मुस्तैद रहेंगे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, गणतंत्र दिवस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस उपायुक्त सेंट्रल उषा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ सहायक पुलिस आयुक्त सेंट्रल और ओल्ड क्षेत्र में सुरक्षा प्रबंधों का समन्वय और निगरानी करेंगे। जिला के सभी थाना प्रभारियों, चौकी इंचार्जों और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
26 जनवरी की सुबह से ही शहर के प्रमुख प्रवेश-निकास मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास नाके लगाकर सघन चेकिंग की जाएगी। संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। समारोह स्थलों पर DFMD और HHMD के माध्यम से फ्रिस्किंग की जाएगी, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।
इसके अतिरिक्त, पूरे जिले में सर्चिंग और कंबिंग ऑपरेशन लगातार चलाए जाएंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) भी तैनात रहेगी। पुलिस ने सीमावर्ती राज्यों और जिला बॉर्डर पर नाकाबंदी कर दी है।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 25 जनवरी शाम 7 बजे से 26 जनवरी दोपहर 2 बजे तक भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इसके लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष टीमें तैनात की गई हैं और जिले के तीन प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक नाके लगाए गए हैं।
फरीदाबाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर दें।