पलवल में गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर
पलवल जिला मुख्यालय में 77वां जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, गरिमा और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड का निरीक्षण किया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। समारोह स्थल देशभक्ति नारों, तिरंगे और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सराबोर नजर आया।
मुख्य अतिथि ने युद्ध वीरांगनाओं, शहीदों के आश्रितों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों, खिलाड़ियों और विभिन्न सांस्कृतिक दलों को सम्मानित किया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री ने पलवल स्थित शहीद स्मारक पर पहुंचकर देश की आज़ादी और सुरक्षा के लिए बलिदान देने वाले वीर शहीदों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
अपने संबोधन में कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को लागू हुए संविधान ने देशवासियों को न्याय, स्वतंत्रता और समानता के मौलिक अधिकार प्रदान किए। उन्होंने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर और स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नमन किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर एक मजबूत शक्ति के रूप में उभरा है और हरियाणा ने विकास में अहम भूमिका निभाई है।
उन्होंने पलवल के दुधौला में स्थापित देश के पहले कौशल विश्वविद्यालय, युवाओं को रोजगार, खेलों में उपलब्धियों, किसानों और गरीब वर्ग के लिए चलाई जा रही योजनाओं तथा औद्योगिक विकास की जानकारी दी। समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं, जिनमें शुगर मिल पलवल की झांकी को प्रथम स्थान मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मार्च पास्ट में विद्यार्थियों व महिला पुलिस टुकड़ी का प्रदर्शन सराहनीय रहा।