
पलवल, 7 अगस्त। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जानकारी दी है कि गणतंत्र दिवस 2026 पर घोषित होने वाले देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री के लिए नामांकन की आखिरी तारीख बढ़ाकर 15 अगस्त 2025 कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि नामांकन केवल राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in के माध्यम से ही किया जा सकता है। प्रस्तावित नाम के साथ 800 शब्दों तक का प्रशस्तिपत्र देना जरूरी होगा, जिसमें उस व्यक्ति की उपलब्धियों और सामाजिक योगदान का विस्तृत उल्लेख हो।
उपायुक्त ने समाज से आग्रह किया कि वे ऐसे असाधारण लोगों की पहचान करें जो चुपचाप, बिना प्रचार की इच्छा के, समाज के लिए कार्य कर रहे हैं। विशेष रूप से महिलाओं, दिव्यांगजनों, अनुसूचित जातियों/जनजातियों, आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आगे लाया जाए, जो समाज में प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने बताया कि पद्म पुरस्कार उन क्षेत्रों में दिए जाते हैं जिनमें उत्कृष्टता और समर्पण की आवश्यकता होती है – जैसे कि कला, साहित्य, चिकित्सा, शिक्षा, विज्ञान, समाजसेवा, खेल, जनसेवा, उद्योग और व्यापार।
डॉ. वशिष्ठ ने यह भी स्पष्ट किया कि डॉक्टर और वैज्ञानिकों को छोड़कर सरकारी उपक्रमों में कार्यरत कर्मचारी इन पुरस्कारों के पात्र नहीं हैं।
इस विषय में अधिक जानकारी के लिए नागरिक www.padmaawards.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।