
सोनीपत, 01 सितंबर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव प्रचेता सिंह ने बताया कि सितंबर माह में जिले के सभी ब्लॉकों में हर बुधवार और रविवार दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक जागरूकता कानूनी क्लिनिक आयोजित किए जाएंगे।
हर ब्लॉक में एक विशेष गांव को चिन्हित कर, कानूनी सहायता क्लिनिक का संचालन अधिवक्ताओं और पीएलवी के नेतृत्व में किया जाएगा। सोनीपत ब्लॉक के मोहना, मुरथल के पालड़ी कंला, राई के जखौली, गन्नौर के आहुलाना, खरखौदा के झरोठ, गोहाना के माहरा, कथुरा के गुड्डा और मुंडलाना के चिढ़ाना गांव में क्लिनिक का आयोजन होगा।
इन क्लिनिक का उद्देश्य महिलाओं के कार्यस्थल पर सुरक्षा, आम नागरिकों के अधिकारों, साइबर फ्रॉड से सावधानी और शिक्षा के अधिकार जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर जागरूकता बढ़ाना है। सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से यह क्लिनिक लोगों को उनके अधिकारों और सुरक्षा के प्रति सचेत करेगा।