
नई दिल्ली, – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने चेतावनी दी है कि यमुना का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है और हालात गंभीर होते जा रहे हैं। उनका कहना है कि भाजपा की हरियाणा सरकार ने हथिनी कुंड बैराज से लाखों क्यूसेक पानी छोड़ा, जिससे दिल्ली में बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।
यादव ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार ने पानी छोड़ने से पहले दिल्ली सरकार से कोई समन्वय नहीं किया। वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की निष्क्रियता पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि सरकार बाढ़ राहत की तैयारी करने की बजाय मूकदर्शक बनी हुई है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि यदि भारी बारिश जारी रही और हथिनी कुंड से छोड़ा गया पानी अगले 72 घंटों में दिल्ली पहुंचा, तो यमुना किनारे रहने वाले लोगों की ज़िंदगी और संपत्ति पर बड़ा संकट आ सकता है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि तुरंत नावें, पंप, राहत सामग्री और स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाए, ताकि प्रभावित इलाकों के लोगों को समय रहते सहायता मिल सके।