
नई दिल्ली, – दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने घोषणा की 10 सितम्बर को राजधानी के करावल नगर जिले की मुस्तफाबाद विधानसभा से वोटर अधिकार यात्रा का आगाज़ किया जाएगा। इस यात्रा की शुरुआत दोपहर 2 बजे संजय चौक, नेहरू विहार से होगी और दिलशाद मस्जिद पर इसका समापन किया जाएगा।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि बिहार में श्री राहुल गांधी द्वारा निकाली गई वोटर अधिकार यात्रा ने जिस तरह जनसाधारण में चेतना जगाई, उसी तरह दिल्ली में भी भाजपा और चुनाव आयोग की कथित वोट चोरी की चालों को घर-घर तक ले जाकर जनता को जागरूक करने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे “वोट चोर गद्दी छोड़” अभियान से जुड़ें और लोकतंत्र तथा संविधान की रक्षा की इस लड़ाई में कांग्रेस का साथ दें।
प्रेस वार्ता में प्रदेश अध्यक्ष के साथ पूर्व विधायक और कम्युनिकेशन विभाग के प्रमुख अनिल भारद्वाज, एआईसीसी सचिव सुशांत मिश्रा तथा मुस्तफाबाद यात्रा के संयोजक अली मेहंदी भी मौजूद रहे। संचालन का दायित्व अनिल भारद्वाज ने निभाया।
देवेन्द्र यादव ने बताया कि राहुल गांधी पहले ही बिहार और बाबरपुर (दिल्ली) की साइकिल यात्राओं में वोट चोरी की साजिश को विस्तार से उजागर कर चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए चुनाव आयोग से मिलीभगत कर लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर कर रही है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में राहुल गांधी देशभर में दलितों, पिछड़ों और आदिवासी समाज की आवाज़ को बुलंद कर रहे हैं और बिना डरे संविधान बचाने का संघर्ष कर रहे हैं।
यादव ने दिल्ली में आई बाढ़ की स्थिति पर भी निशाना साधा और कहा कि यमुना किनारे के इलाकों में रहने वाले लोग गंभीर संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार ने राहत और पुनर्वास में पूरी तरह नाकामी दिखाई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मौके पर जाकर सच्चाई सामने लाई है, जबकि भाजपा और आप नेताओं ने हालात छिपाने का प्रयास किया।
अनिल भारद्वाज ने कहा कि बिहार की यात्रा में उमड़े जनसैलाब ने यह सिद्ध कर दिया कि राहुल गांधी पर देश का भरोसा बढ़ रहा है। दिल्ली में यह यात्रा जनता को जागरूक करेगी और भाजपा-चुनाव आयोग की मिलीभगत उजागर करेगी।
सुशांत मिश्रा, जिन्होंने बिहार में पूरी यात्रा का समन्वय किया था, ने कहा कि बिहार में मिली सफलता ने भाजपा विरोधी माहौल को और गहरा किया है और अब वही उत्साह दिल्ली की यात्रा में देखने को मिलेगा।
अली मेहंदी ने कहा कि मुस्तफाबाद से इस यात्रा की शुरुआत यहां की जनता के लिए गौरव की बात है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के नारे “वोट चोर गद्दी छोड़” को घर-घर तक पहुंचाने और प्रत्येक विधानसभा के मतदाताओं को जोड़ने में लगे हैं।