नई दिल्ली, दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने राजधानी में स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर स्थिति पर चिंता जताई है। पिछले एक सप्ताह में डेंगू के 59 और मलेरिया के 38 नए मामले सामने आने के बाद स्थिति चिंताजनक हो गई है। 2025 में अब तक डेंगू के 759, मलेरिया के 371 और चिकनगुनिया के 61 मामले दर्ज हो चुके हैं।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि बारिश और जल-जमाव के कारण मच्छरों का प्रजनन बढ़ा है और भाजपा शासित दिल्ली सरकार और नगर निगम इस पर नियंत्रण पाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में दवाओं की कमी है और गरीब लोग इलाज से वंचित हैं।
उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से अपील की कि जल जनित बीमारियों के तेजी से फैलाव को रोकने के लिए तुरंत कदम उठाएं और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुधारें। यादव ने कहा कि आयुष्मान अरोग्य मंदिर और मौहल्ला क्लीनिकों में भी पर्याप्त उपचार सुविधा नहीं है, जिससे आम जनता सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही है।
उन्होंने चेताया कि यमुना तट, अनधिकृत कॉलोनियां और शहरी गांव जैसे इलाकों में डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया के मामले बढ़ रहे हैं, जबकि MCD की सफाई व्यवस्था और स्वच्छता अभियान पूरी तरह असफल रहे हैं।

