
नई दिल्ली, 11 अक्टूबर, 2025 – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में आज आदर्श नगर में भाजपा की कथित वोट चोरी के खिलाफ एक व्यापक हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता, नेता और आम लोग उपस्थित थे। अभियान का आयोजन आदर्श नगर के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ राव ने किया।
देवेन्द्र यादव ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को न केवल अपने वोट की सुरक्षा करनी होगी, बल्कि अपने आस-पास के नागरिकों को भी वोट चोरी से बचाने की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने भाजपा पर देश की कमजोर करने की साजिश का आरोप लगाते हुए बताया कि राहुल गांधी ने इसे देश के सामने उजागर किया।
अभियान में पूर्व विधायक हरी शंकर गुप्ता, जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ राव, और कई ब्लॉक अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं आर्ब्जवर भी मौजूद रहे। देवेन्द्र यादव ने बताया कि एक ही घर में कई वोटों का दुरुपयोग किया जा रहा है और आम नागरिकों के वोट पोलिंग बूथ पर जाने पर कट चुके या गलत तरीके से डाले हुए पाए जा रहे हैं। इसलिए, कांग्रेस कार्यकर्ता हर घर तक पहुंचकर जनता को जागरूक कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि 18 साल से ऊपर के सभी नागरिकों को संविधान ने वोट का अधिकार दिया है, लेकिन पिछले 11 वर्षों में चुनावों में वोटिंग प्रक्रिया में धांधली होती रही है। राहुल गांधी जनता के अधिकारों के लिए संघर्ष करते रहे हैं और यही कारण है कि कांग्रेस जनता की आवाज उठाती रही है।
देवेन्द्र यादव ने जोर देकर कहा कि वोट की चौकीदारी अब खुद करना जरूरी है। कांग्रेस कार्यकर्ता अपने आस-पास के लोगों के वोट की सुरक्षा भी सुनिश्चित करें और जनता को भाजपा की रणनीति के बारे में जागरूक करें।
आदर्श नगर के अलावा कृष्णा नगर और किराड़ी जिलों में भी हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। कृष्णा नगर में कार्यकर्ताओं ने 2 किलोमीटर की पदयात्रा निकाली और सड़कों एवं बाजारों में लोगों से हस्ताक्षर लिए। गांधी नगर में अभियान में कई वरिष्ठ नेता और निगम पार्षद भी उपस्थित रहे।