नई दिल्ली, – दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने कहा कि राजधानी में बढ़ते प्रदूषण के बावजूद भाजपा की रेखा गुप्ता सरकार इसे रोकने में पूरी तरह असफल रही। राजधानी के 36 एयर क्वालिटी मापन केंद्रों में सभी जगह खतरनाक स्तर का प्रदूषण दर्ज किया गया। वजीरपुर में AQI 423, द्वारका 417, बवाना 410, आनन्द विहार 404 और अशोक विहार 404 तक पहुंचा।
यादव ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद 10 बजे के बाद भी बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित पटाखे फोड़े गए। मुख्यमंत्री द्वारा प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए गए वादे पूरी तरह फेल साबित हुए। न यमुना की सफाई में सुधार हुआ, न करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद हवा की गुणवत्ता बेहतर हुई।
देवेन्द्र यादव ने पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा पर भी निशाना साधा और कहा कि AQI के आंकड़ों को तोड़-मरोड़कर पेश करना इस असफलता को छिपा नहीं सकता। उन्होंने कहा कि पराली जलाने जैसी समस्याओं को लेकर भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
यादव ने चेतावनी दी कि सरकार की नाकामी और अदूरदर्शिता से दिल्लीवासियों की सेहत खतरे में है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों की। यदि यही हाल रहा तो विदेशी पर्यटक और राजदूत भी दिल्ली आने से हिचकेंगे, जिससे देश की छवि को नुकसान होगा।