फरीदाबाद पुलिस द्वारा सिगरेट चोरी गिरोह के आरोपी गिरफ्तार
बल्लभगढ़ शहर थाना क्षेत्र में ITC लिमिटेड के गोदाम से हुई करीब एक करोड़ रुपये की सिगरेट चोरी के मामले में फरीदाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर इस संगठित चोरी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए अब तक 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक मुख्य आरोपी की तलाश जारी है।
यह वारदात 28/29 दिसंबर 2025 की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच भूदत्त कॉलोनी स्थित ITC के गोदाम में हुई थी। आरोपियों ने पहले चौकीदार को बंधक बनाकर उसका मोबाइल छीना और कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद गोदाम की चाबियां लेकर 58,770 डब्बियां सिगरेट लूट ली गईं। चोरी के लिए दिल्ली से चुराई गई एक TATA ACE गाड़ी का इस्तेमाल किया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि इस घटना का मास्टरमाइंड राकेश और मोहम्मद उमर था, जिन्होंने पहले गोदाम की रेकी की और फिर पूरी योजना को अंजाम दिया। चोरी के बाद सिगरेट को दूसरे वाहन में ट्रांसफर कर अलग-अलग जगह सप्लाई किया गया। जांच के दौरान पुलिस ने 6000 डब्बियां सिगरेट, 5.65 लाख रुपये नकद, और वारदात में प्रयुक्त वाहन बरामद किया।