क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 द्वारा बरामद चोरी के आभूषण
फरीदाबाद पुलिस द्वारा चोरी और चोरी से जुड़े मामलों पर लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने चोरी के आभूषण खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण बरामदगी की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो सोने की अंगूठियां और चार जोड़ी टोपस बरामद किए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह मामला थाना सेक्टर-31 क्षेत्र से जुड़ा है। अपूर्व दास, निवासी सेक्टर-31 फरीदाबाद, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अप्रैल 2025 को वह काम से घर लौटे तो उनके मकान का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि अज्ञात चोर आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना सेक्टर-31 में चोरी से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचनाओं के आधार पर आरोपी अमित, निवासी मोल्डबंद, दिल्ली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने चोरी के दो अंगूठी और चार जोड़ी टोपस को पहले से गिरफ्तार चोर मूलचंद और बजरंग से लगभग एक लाख रुपये में खरीदा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मुख्य चोरों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। बरामदगी के बाद आरोपी अमित को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चोरी का सामान खरीदने या बेचने वालों के खिलाफ भी कानून के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।