दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष देवेंद्र यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी में रसोई गैस सिलेंडर की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर भाजपा सरकार को उसके चुनावी वादों की याद दिलाई। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा ने होली और दिवाली पर महिलाओं को मुफ्त सिलेंडर देने का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई।
देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शनों को पुलिस के सहारे रोकना लोकतंत्र के मूल सिद्धांतों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता और विपक्ष दोनों को अपनी आवाज उठाने का अधिकार है और कांग्रेस हमेशा लोगों के अधिकार, विकास और हितों के लिए संघर्ष करती आई है।
24 नवंबर 2025 को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर पुलिस को पहले ही सूचना दी गई थी, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच कार्यक्रम करने की अनुमति नहीं दी गई। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि 12 वार्डों में होने वाले चुनाव में हार का डर भाजपा सरकार को विपक्ष पर प्रतिबंध लगाने के लिए मजबूर कर रहा है।
इस प्रदर्शन में प्रदेश अध्यक्ष के साथ दानिश अबरार, डॉ. नरेंद्र नाथ, अनिल भारद्वाज, विजय लोचव, भीष्म शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल रहे।
कांग्रेस ने भाजपा सरकार को चेतावनी दी कि अगर मुफ्त सिलेंडर का वादा पूरा नहीं किया गया, तो विरोध और तेज किया जाएगा और सरकार की प्रतीकात्मक शवयात्रा भी निकाली जाएगी।
देवेंद्र यादव ने कहा कि बढ़ती महंगाई से महिलाएं परेशान हैं और सिलेंडर की कीमत हजार के पार पहुंच चुकी है, जबकि मुफ्त सिलेंडर का वादा अब तक पूरा नहीं हुआ। कांग्रेस ने याद दिलाया कि पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित ने दिल्ली को किरोसीन मुक्त बनाने के साथ गैस के दाम नियंत्रित रखकर महिलाओं को बड़ा लाभ दिया था। वहीं, भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों पर आरोप लगाया गया कि वर्षों से सिर्फ घोषणाएं हुईं, लेकिन आम जनता को वास्तविक राहत नहीं मिली।

