राजीव भवन में आयोजित संगठन सृजन अभियान की बैठक में शामिल नेता
नई दिल्ली में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा संगठन सृजन अभियान के तहत एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। यह बैठक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष श्री देवेन्द्र यादव ने की।
बैठक में लोकसभा, जिला और विधानसभा आर्ब्जवरों के साथ-साथ बीएलए-1 पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री टीकाराम जूली का स्वागत भी किया गया। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि दिल्ली के 13 हजार से अधिक बूथों पर शिक्षित, स्थानीय क्षेत्र से जुड़े और कांग्रेस विचारधारा के प्रति समर्पित कार्यकर्ताओं को बीएलए-2 की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।
श्री देवेन्द्र यादव ने कहा कि बीते एक वर्ष में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है कि संगठन अब हर बूथ तक पहुंच बनाने में सफल हो रहा है। संगठन सृजन अभियान के तहत ब्लॉक, मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर तक संगठनात्मक ढांचे को मजबूत किया गया है। वर्तमान में लगभग 75 प्रतिशत बूथों पर बीएलए-2 की नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि बीएलए-2 अपने-अपने बूथ पर लगभग 1200 मतदाताओं से सीधा संपर्क बनाएंगे और कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों तथा शीर्ष नेतृत्व के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे। इसके साथ ही मतदाता सूची में गड़बड़ी, वोट कटने या फर्जी नाम जोड़ने जैसी गतिविधियों पर भी बीएलए-2 की निगरानी रहेगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बीएलए-2 संगठन की रीढ़ साबित होंगे और भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों व विफलताओं को जनता के सामने प्रभावी रूप से रखेंगे।