फरीदाबाद में 77वें गणतंत्र दिवस पर पुलिस परेड
फरीदाबाद के सेक्टर-12 स्थित परेड ग्राउंड में 77वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह भव्यता और अनुशासन के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह की मुख्य अतिथि हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव रहीं, जिन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया।
परेड के दौरान फरीदाबाद पुलिस की महिला और पुरुष टुकड़ियों ने सामूहिक प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, झांकी प्रतियोगिता में यातायात पुलिस फरीदाबाद की प्रस्तुति को दूसरा स्थान प्राप्त हुआ।
समारोह में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और सरकारी विभागों की भागीदारी देखने को मिली। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और देशभक्ति गीतों ने दर्शकों में राष्ट्रप्रेम की भावना भर दी। परेड का नेतृत्व HPS अधिकारी विकास कुमार ने किया, जबकि मार्च पास्ट के दौरान सभी टुकड़ियों ने मुख्य मंच को सलामी दी।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट सेवाओं के लिए फरीदाबाद पुलिस के छह अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इनमें निरीक्षक राजेश कुमार, निरीक्षक अशोक कुमार, निरीक्षक विमल राय, उप-निरीक्षक शिशुपाल, महिला उप-निरीक्षक रितु और ईएसआई विजय शामिल रहे।
इस भव्य आयोजन में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, स्वतंत्रता सेनानी, शहीदों के परिजन और शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।