नशा तस्करों से बरामद गांजा और नशीली दवाएं दिखाती फरीदाबाद पुलिस
फरीदाबाद, 14 जनवरी। अवैध नशे के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस द्वारा लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के दिशा-निर्देशन में अपराध शाखाओं ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से कुल 3.565 किलोग्राम गांजा और 150 अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद की गई हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर IMT सदर बल्लभगढ़ क्षेत्र में दबिश देकर इंद्रजीत (26), निवासी गांव बडोली को 2.612 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने सेक्टर-17 झुग्गी क्षेत्र से नसरुद्दीन (42), निवासी प्रेम नगर सेक्टर-17 को 443 ग्राम गांजा सहित काबू किया।
इसी क्रम में अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने जीवन नगर गोंछी निवासी एक महिला आरोपी को शनि देव कॉलोनी, सेक्टर-58 से 510 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए जवाहर कॉलोनी निवासी पवन (23) को ओल्ड प्रेस कॉलोनी के पास से 150 अल्प्राजोलम टैबलेट सहित पकड़ा।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है ताकि नशा तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क का भी खुलासा किया जा सके। फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।