फरीदाबाद पुलिस द्वारा गांजा बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए
फरीदाबाद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के दिशा-निर्देशन में अपराध शाखाओं की अलग-अलग टीमों ने 20 जनवरी को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के कब्जे से कुल 2.080 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जो शहर में नशे की सप्लाई पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने तिगांव क्षेत्र में गश्त के दौरान एक संदिग्ध को काबू किया। पूछताछ और तलाशी में आरोपी नारायण, निवासी गांव हट्टा (मध्य प्रदेश), हाल निवासी तिगांव के पास से 260 ग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं दूसरी ओर, अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने ईस्माइलपुर चौक के पास कार्रवाई करते हुए आरोपी आलिया (काल्पनिक नाम) को 1.400 किलोग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया।
इसी क्रम में अपराध शाखा AVTS की टीम ने सेक्टर-58 स्थित शनि देव कॉलोनी क्षेत्र में दबिश देकर अभिषेक राय, निवासी हाथरस (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी कुरैशीपुर फरीदाबाद को 420 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा। तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। युवाओं को नशे से बचाने और शहर को सुरक्षित रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं नशे से जुड़ी गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।